Type Here to Get Search Results !

नट समुदाय सदियों से करता आया है आम जन का मनोरंजन

 हमारे देश का नट समुदाय एक ऐसा समुदाय है जो प्राचीन काल से देशवासियों का मनोरंजन करता आया है | इस समुदाय के लोग नाट्य कला में प्रवीण होने के साथ साथ वाक् पटु होते है | आज भी इस समुदाय के लोग यदा कदा सड़क किनारे या ग्रामीण क्षेत्रों के मेलों में अपनी कला का प्रदर्शन करते मिल जाते हैं | सनातनी परम्परा को मानने वाला नट समुदाय संविधान की अनुसूचित जाति वर्ग में शामिल है | पूर्वकाल में घुमुन्तु रहे इस समुदाय के ज्यादातर लोग अब स्थाई रूप से बस चुके हैं | रामायण काल में भी सामाजिक जीवन में नट समुदाय की भूमिका के साक्ष्य मिलते है |


प्राचीनकाल से ही इस समुदाय का कार्य आमजन का मनोरंजन करना है | जिसमें शारीरिक करतब दिखाना, नाटक, नृत्य व गेट संगीत शामिल है | इस समुदाय को हम कलाकार समुदाय के तौर पर मान संकते हैं | "अपने घुमंतू" नामक पुस्तक में लेखक दुर्गादास ने इस समुदाय पर शोधपरक जानकारी दी है | इस पुस्तक के अनुसार नट समाज को दो उपजातियों के रूप में जाना जाता है - राजनट और बजानिया नट |

राजनट : विभिन्न प्रकार के शारीरिक करतब दिखाकर मनोरंजन करने का कार्य करने वाले राजनट कहे जाते हैं | जैसे - हल को अपनी ठोडी पर उठाकर संतुलन बनाना, गाड़ी के पहिये को ललाट पर रख लेना आदि | इसके अलावा विभिन्न प्रसंगों पर ढोल नंगाड़े आदि बजाने का कार्य भी इनके द्वारा किया जाता था | राजनटों को विभिन्न राजा महाराजाओं व ठिकानेदारों द्वारा पारम्परिक रूप से संरक्षण दिया जाता था | इस कारण इन्हें राजनट के रूप में पहचाना गया | इस प्रकार राजे रजवाड़े व  ठिकानेदार इनके यजमान हुआ करते थे |

बजानिया नट : सार्वजनिक स्थानों पर बांसों के सहारे रस्सी बांधकर एक बांस हाथ में लेकर संतुलन बनाते हुए रस्सी पर चलकर करतब दिखाना व कुछ इसी तरह के अन्य करतबों के माध्यम से लोगों का मनोरंजन करने का कार्य बजानिया नट करते हैं | इसके लिए ये अपने बच्चों को बचपन में प्रशिक्षण दे देते हैं | करतब दिखाने के बदले जो मिल जाता है उसी से ये अपने परिवार का जीवन यापन करते हैं | इनके कोई निश्चित यजमान नहीं होते |

इस समुदाय के लोग अपने आपसी छोटे मोटे विवादों का अपनी  सामाजिक पंचायतों में ही निराकरण कर लेते हैं | हालाँकि आर्थिक रूप से यह समुदाय अभी कमजोर है पर अब स्थितियां सुधरने की ओर है | "अपने घुमंतू" पुस्तक के अनुसार इस समुदाय में लिंगानुपात 988 है तथा समुदाय के 41.23 % व्यक्ति शिक्षित है |


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.

Top Post Ad

Below Post Ad

Ads Area